राहुल गांधी को धमकी देने वाले भाजपा प्रवक्ता पर एफआईआर दर्ज करने की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:मलयालम टीवी चैनल की लाइव डिबेट में भाजपा प्रवक्ता एवं पूर्व एबीवीपी अध्यक्ष प्रिंटू महादेव द्वारा विपक्ष के नेता राहुल गांधी को “सीने में गोली मारने” की धमकी दिये जाने के विरोध में सोमवार को पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी बिष्टुपुर थाना पहुँचे। जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने थाना प्रभारी को आवेदन सौंपते हुए प्रिंटू महादेव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने कहा कि इस तरह की भड़काऊ और असंवैधानिक भाषा न सिर्फ लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है, बल्कि राहुल गांधी की सुरक्षा के साथ-साथ देश की कानून व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों को भी कमजोर करती है। कांग्रेस ने थाना प्रशासन से भाजपा प्रवक्ता पर तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की, ताकि भविष्य में लोकतांत्रिक गरिमा का हनन करने वालों को सबक मिल सके।
इस दौरान आनंद बिहारी दुबे, राजकिशोर यादव, अवधेश सिंह, योगेन्द्र सिंह यादव, ब्रजेन्द्र तिवारी, शफी अहमद खान, रजनीश सिंह, संजय सिंह आजाद, अंसार खान, बिजेन्द्र पाण्डेय, विरेंद्र पाण्डेय, अधिवक्ता नलिनी सिन्हा, रंजीत राम, राजीव मिश्रा, अमित श्रीवास्तव सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।
राहुल गांधी पर हमले की साजिश की निंद :राकेश साहू
जमशेदपुर: युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश साहू ने भाजपा प्रवक्ता प्रिंटू महादेव की राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इससे भाजपा की असलियत सामने आई है; उन्होंने तत्काल माफी और कार्रवाई की मांग की।

