
कालिकापुर में नेताजी के ऐतिहासिक बैठक स्थल पर स्मृति भवन बनाने की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
गोआलकाटा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य, पूर्व मुखिया एवं समाजसेवी सीताराम हांसदा ने कालिकापुर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस के ऐतिहासिक बैठक स्थल के संरक्षण की पहल की है। उन्होंने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर इस स्थल पर नेताजी के नाम से स्मृति भवन बनाने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि 5 दिसंबर 1939 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने पोटका प्रखंड के कालिकापुर में एक बैठक कर अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष का आह्वान किया था। यह ऐतिहासिक घटना क्षेत्र के गौरव से जुड़ी है, लेकिन इतने महत्वपूर्ण स्थल के संरक्षण और रखरखाव के लिए अब तक ठोस पहल नहीं हुई है।
सीताराम हांसदा ने जिला प्रशासन से स्थल के संरक्षण, स्मृति चिह्न की स्थापना और स्मृति भवन निर्माण की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि इस पहल से ऐतिहासिक धरोहर सुरक्षित होगी और कालिकापुर को भी राष्ट्रीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से जुड़ी पहचान मिल सकेगी।

