Newsclick के 30 से अधिक ठिकानों पर दिल्ली पुलिस की रेड, पत्रकार अभिसार शर्मा का लैपटॉप और फोन जब्त
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने समाचार पोर्टल ‘न्यूजक्लिक’ और उसके पत्रकारों से जुड़े परिसरों पर मंगलवार सुबह छापेमारी की। यह कार्रवाई फॉरेन फंडिंग के मामले में UAPA के तहत की जा रही है। स्पेशल सेल ने दिल्ली, नोएड़ा, गाजियाबाद में जिनके घरों या ठिकानों पर रेड की है, उनमें अभिसार शर्मा, उर्मिलेश, संजय राजौरा, भाषा सिंह, प्रबीर पुरखयस्थ, अनिंदयो चक्रबर्ती, सोहैल हाशमी शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि न्यूज़क्लिक से जुड़े करीब 30 से अधिक स्थानों पर छापेमारी जारी है। पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि, ”न्यूज़क्लिक से जुड़े विभिन्न परिसरों पर छापेमारी चल रही है, अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।”
लैपटॉप और मोबाइल फोन का ‘डंप डेटा’ जब्त
प्रवर्तन निदेशालय ने इससे पहले भी समाचार पोर्टल के वित्त पोषण के स्रोतों की जांच के तहत कंपनी के परिसरों पर छापे मारे थे। स्पेशल सेल केंद्रीय एजेंसी से मिली जानकारी के आधार पर छापे मार रहा है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने ‘न्यूजक्लिक’ के कुछ पत्रकारों के लैपटॉप और मोबाइल फोन का ‘डंप डेटा’ बरामद किया। उन्होंने बताया कि विशेष प्रकोष्ठ ने एक नया मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक वरिष्ठ पत्रकार अभिसार शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘दिल्ली पुलिस मेरे घर पहुंची। मेरा लैपटॉप और फोन ले लिया।”
दिल्ली HC ने न्यूजक्लिक के चीफ एडिटर को जारी किया था नोटिस
इससे पहले 22 अगस्त को दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा की ओर से दायर याचिका पर समाचार पोर्टल न्यूजक्लिक के चीफ एडिटर प्रबीर पुरकायस्थ को नोटिस जारी किया था। कोर्ट ने सात जुलाई, 2021 को एक आदेश पारित कर निर्देश दिया कि प्रबीर पुरकायस्थ को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, हालांकि, यह भी कहा कि जांच अधिकारी द्वारा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें जांच में सहयोग करना होगा।
ईओडब्ल्यू की एफआईआर के मुताबिक, आईपीसी की धारा 406, 420 और 120-बी के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। जांच के दौरान अधिकारियों ने आपराधिक कृत्यों का संकेत देने वाले सबूत जुटाए। FIR में कहा गया है कि आरोपी ने विदेश स्थित अपने साथियों के साथ साजिश रचकर धन जुटाया फिर उनके निर्देशों के अनुसार काम किया। ईडी ने भी एक आवेदन के जरिए न्यूज़क्लिक और उसके चीफ एडिटर के खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया था और कहा था कि यह पेड न्यूज के लिए गंभीर आपराधिक साजिश का मामला था।
एजेंसी ने फरवरी 2021 में कथित मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में न्यूज़क्लिक के परिसरों और उसके संपादकों के आवासों पर छापेमारी की और तलाशी और जब्ती अभियान चलाया। कथित विदेशी फंडिंग से जुड़ा इसका मामला दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा द्वारा दर्ज एक एफआईआर पर आधारित है।

