मूकबधिर युवती से दुष्कर्म, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। आजादनगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एनएच-33 पर सिटी इन होटल के समीप स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर में 30 वर्षीय मूकबधिर युवती के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। पीड़िता के भाई के लिखित आवेदन पर पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पटमदा डीएसपी बच्चन देव कुजूर ने बताया कि आरोपी अमित कुमार, जो ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर में देखरेख का कार्य करता है, को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों के अनुसार पीड़िता रोजमर्रा के कामों के तहत पानी भरने और गोबर लाने के लिए उक्त परिसर जाया करती थी। घटना के दिन वह घर से निकली, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटी। तलाश के दौरान परिजन परिसर पहुंचे, जहां आरोपी को युवती के साथ जबरदस्ती करते हुए देखा गया। शोर मचाने पर आरोपी को मौके पर पकड़ लिया गया, इस दौरान हाथापाई में आरोपी को चोट भी आई।
इसके बाद आरोपी को आजादनगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के एक सहयोगी को भी हिरासत में लिया है। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है और कानून के अनुसार बयान दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
डीएसपी बच्चन देव कुजूर ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़िता के परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

