जमशेदपुर में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, मानगो से चार आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर पुलिस ने उड़ीसा के एक व्यक्ति से हुई साइबर ठगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-4 स्थित एक किराए के मकान से चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से जमशेदपुर में रहकर संगठित तरीके से ऑनलाइन ठगी का नेटवर्क संचालित कर रहे थे और देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को अपना शिकार बना रहे थे।
इस मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी ललित मीणा ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि उड़ीसा निवासी भगवती मोहंती ने अपने साथ हुई साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। जांच के दौरान एनसीआरपी प्रतिबिंब पोर्टल, संदिग्ध मोबाइल नंबरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस को आरोपियों की लोकेशन मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-4 स्थित एक मकान में मिली। इसके बाद विशेष टीम ने छापेमारी कर चारों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय कुमार सिंह, राहुल कुमार रवानी, सुनील कुमार झा और राहुल कुमार ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जामताड़ा, देवघर तथा सरायकेला-खरसावां जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी पिछले दो वर्षों से जमशेदपुर में किराए का मकान लेकर रह रहे थे और मोबाइल ऐप, फर्जी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तथा अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए लोगों को झांसे में लेकर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इनके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे भी कई अहम खुलासे होने की संभावना है और इस साइबर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

