रामनवमी पर जमशेदपुर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मंदिरों में दिखी आस्था की झलक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। रामनवमी के पावन अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिससे पूरे शहर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
श्रद्धालु शांतिपूर्ण तरीके से भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। मंदिरों में भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।
मंदिर प्रबंधन समितियों की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्वयंसेवकों के साथ पुलिस बल भी तैनात किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जिससे पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

