- कुकड़ू में सुविधाओं के लिए आर-पार की लड़ाई, कल से भूख हड़ताल की चेतावनी
*छह सूत्री मांगों पर प्रखंड कार्यालय के समक्ष धरना जारी, पीएचसी निर्माण में देरी पर उठे सवाल*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
कुकड़ू प्रखंड में बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन तेज हो गया है। मंगलवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष ग्रामीणों, किसानों और महिलाओं का धरना-प्रदर्शन जारी रहा। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि मांगों पर ठोस पहल नहीं हुई तो बुधवार, 14 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि वर्ष 2009 में नीमडीह और ईचागढ़ प्रखंड की पंचायतों को अलग कर कुकड़ू को प्रखंड का दर्जा दिया गया था, लेकिन 16 साल से अधिक समय बीतने के बाद भी कई बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी हैं।
उन्होंने बताया कि जिला परिषद की ओर से 1.96 एकड़ जमीन आवंटित होने और 15वें वित्त आयोग से स्वीकृति मिलने के बावजूद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का निर्माण लंबित है। उन्होंने निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की।
आंदोलनकारियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन और बिजली विभागों में स्थायी पदों का सृजन करने, किसानों की उपज सुरक्षित रखने के लिए कोल्ड स्टोरेज बनाने तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए विद्युत सब-स्टेशन स्थापित करने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि प्रखंड गठन के लंबे समय बाद भी जरूरी सुविधाओं का अभाव क्षेत्र के विकास में बाधा बना हुआ है।

