रंकिनी मंदिर सौंदर्यीकरण योजना पर विवाद, मुखिया ने फर्जी ग्राम सभा का लगाया आरोप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। मुसाबनी प्रखंड के प्रसिद्ध रंकिनी मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन विकास के लिए स्वीकृत 19 करोड़ रुपये की योजना विवादों में घिर गई है। माटीगोड़ा पंचायत की मुखिया बॉबी मार्डी ने उपायुक्त को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि योजना की स्वीकृति कथित फर्जी ग्राम सभा के आधार पर ली गई। उनका दावा है कि ऐसी कोई संयुक्त ग्राम सभा आयोजित नहीं हुई और योजना से जुड़े दस्तावेजों में दर्शाया गया हस्ताक्षर उनका नहीं है।
मुखिया ने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं आदिवासी संगठनों ने इसे ग्राम सभा और पेसा कानून की भावना के विपरीत बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। एक अन्य शिकायत में आरोप लगाया गया है कि योजना का लाभ सभी समुदायों को समान रूप से नहीं मिलेगा।
इधर, पांच गांवों की संयुक्त ग्राम सभा ने जांच पूरी होने तक रंकिनी मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्य एवं धमकुड़िया भवन निर्माण पर रोक लगाने की मांग की है। अब मामले में जिला प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

