नागाडीह मैदान में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, लोडेड पिस्टल व कारतूस के साथ दो गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के नागाडीह मैदान में किसी बड़ी आपराधिक घटना की साजिश रच रहे दो अपराधियों को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक लोडेड देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार 21 जून की रात करीब 11:50 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी नागाडीह मैदान में जमा होकर बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मंगल टुडू उर्फ मंगल मांझी (46), निवासी इच्छापुर उपर टोला, आदित्यपुर-2 (सरायकेला-खरसावां) तथा समरेश रविदास उर्फ मिथुन (34), निवासी केरवाडुंगरी, सुंदरनगर (पूर्वी सिंहभूम) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक लोडेड देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और स्कूटी बरामद कर जब्त कर लिया। इस मामले में बागबेड़ा थाना में आर्म्स एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि वे किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे और उनके गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त मंगल टुडू का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।

