कांग्रेस का ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ अभियान शुरू, पूर्वी सिंहभूम में चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड कांग्रेस प्रदेश कमेटी के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शनिवार को कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। जिला पर्यवेक्षक बलजीत सिंह बेदी एवं जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ को राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन के रूप में शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य मनरेगा, ग्राम पंचायतों के अधिकार और ग्रामीण श्रमिकों के हितों की रक्षा करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 11 जनवरी को साकची पुराने कोर्ट के पास डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष जिला स्तरीय धरना होगा। 12 से 29 जनवरी तक पंचायत स्तर पर चौपाल, जनसंपर्क और नुक्कड़ सभाएँ आयोजित की जाएँगी। 30 जनवरी को प्रखंड स्तर पर धरना, 31 जनवरी से 6 फरवरी तक उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जिला स्तरीय धरना तथा 7 से 15 फरवरी के बीच राज्य स्तरीय विधानसभा घेराव किया जाएगा। इसके बाद फरवरी में राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्रीय रैलियाँ आयोजित होंगी।
इसी क्रम में जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में संगठनात्मक बैठक भी हुई, जिसमें पंचायत, वार्ड एवं बीएल-2 कमेटियों के गठन में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। बैठक में प्रदेश एवं जिला स्तर के कई वरिष्ठ नेता, प्रखंड पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

