लोयोला में शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। भारतीय शास्त्रीय संगीत को समर्पित मनमोहक संगीत कार्यक्रम का आयोजन लोयोला स्कूल के फैजी सभागार में किया गया।
मनमोहक वाद्य वादन और भावपूर्ण गायन के सामंजस्यपूर्ण मिश्रण से सभागार जीवंत हो उठा। कक्षा 6 से 12 तक के 25 से अधिक प्रतिभाशाली संगीतकारों ने श्रोताओं को भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपराओं की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ वायलिन वादन से हुआ, इसके बाद रागों पर आधारित शास्त्रीय गायन प्रस्तुतियाँ हुईं, जिनमें लीड और बेस गिटार का सलीके से संगत हुआ, जिससे शास्त्रीय परंपरा और समकालीन अभिव्यक्ति का एक अनूठा संगम देखने को मिला।
तालबद्ध और उत्कृष्ट ढंग तबला एकल वादन के उपरांत मधुर समूह वादन की एक श्रृंखला के साथ समापन हुआ।
प्रिंसिपल फादर विनोद फर्नांडीज के अनुसार, जहां शब्द विफल हो जाते हैं, वहां संगीत बोलता है।”
वाइस प्रिंसिपल श्रीमती जयंती शेषाद्री ने भारत की समृद्ध संगीत विरासत को संरक्षित करने में युवा कलाकारों के समर्पण और लगन की सराहना की। आयोजन में रोमा प्रकाश, सोनिया रायसुराना और आशीष कुंतिया की सराहनीय भूमिका रही।

