हाथी समस्या पर केवल बैठक नहीं, प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता : चुनु माहाली
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र में जंगली हाथियों के आतंक से ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं। बीते दिनों बहरागोड़ा के विधायक श्री समीर कुमार महांती की अगुवाई में वन विभाग के डीएफओ सहित पूर्वी सिंहभूम जिले के वरिष्ठ वन अधिकारियों द्वारा हाथी समस्या को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में समस्या पर चर्चा होना स्वागतयोग्य कदम है, लेकिन केवल बैठकें आयोजित करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। अब परिणामोन्मुखी एवं प्रभावी कार्रवाई करने की आवश्यकता है।
भाजपा नेता चुनु माहाली ने कहा कि बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र लंबे समय से हाथियों के आतंक से प्रभावित रहा है। क्षेत्र के अनेक गांवों में किसानों की फसलें नष्ट हुई हैं, घरों को नुकसान पहुंचा है तथा कई परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है। हाथी-मानव संघर्ष की घटनाओं ने ग्रामीणों के बीच भय और असुरक्षा का वातावरण उत्पन्न कर दिया है।
उन्होंने कहा कि वन विभाग एवं राज्य सरकार को प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी समाधान की दिशा में गंभीरता से कार्य करना चाहिए। हाथियों की गतिविधियों की सतत निगरानी, ग्रामीणों को समय पर सूचना उपलब्ध कराना, प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देना तथा मानव-हाथी संघर्ष को कम करने के लिए वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक उपाय अपनाना समय की मांग है।
भाजपा नेता चुनु माहाली ने कहा कि बहरागोड़ा सहित हाथी प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर दिखाई देने वाले परिणाम चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार और वन विभाग से समन्वित कार्ययोजना बनाकर शीघ्र प्रभावी कदम उठाने की मांग की, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके।

