मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा का अनावरण कर दी श्रद्धांजलि
–मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिस तरह शहरीकरण हो रहा है, उससे पर्यावरण का खतरा तेजी से बढ़ता जा रहा है।
– आज शहर कंक्रीट के जंगल बनते जा रहे हैं
मुकेश रंजन संवाददाता
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड वीरों, शहीदों और आंदोलनकारियों की धरती रही है। इतिहास के पन्नों पर नज़र डालेंगे तो यहां के अनेक वीरों और आंदोलनकारियों ने देश और राज्य के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। हम अपने वीरों- शहीदों को याद करें। उन्हें सम्मान दें और उनके बताए राह पर आगे बढ़ें। यह हमारा कर्तव्य और दायित्व बनता है।
हरमू इलाके से हमारा पुराना नाता रहा है- मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरमू इलाके से हमारा पुराना नाता रहा है। मैं यहां रहा भी हूं और यहां का मतदाता भी हूं। ऐसे में यहां हो रहे बदलाव को देखता भी आ रहा हूं।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिस तरह शहरीकरण हो रहा है, उससे पर्यावरण का खतरा तेजी से बढ़ता जा रहा है। आज शहर कंक्रीट के जंगल बनते जा रहे हैं। आज हम सचेत नहीं हुए तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे पर्यावरण को साथ लेकर आगे बढ़ें। पर्यावरण सरंक्षण के लिए हर मुमकिन कदम उठाएं, इसी में हमारा कल्याण निहित है।
लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रोत्साहित करना है –
उन्होंने कहा कि कम से कम अपने वीरों- शहीदों के सम्मान स्वरूप पर्यावरण को सुरक्षित रखने में अपनी भूमिका निभाएं।मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर सरकार विशेष तौर पर गंभीर है। इसी कड़ी में शहरों में एक पेड़ लगाने पर पांच यूनिट बिजली मुफ्त देने की घोषणा हमारी सरकार ने की है। इसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर विधायक सरयू राय, कमलेश सिंह, नवीन जायसवाल और कुमार जयमंगल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, रांची नगर निगम के आयुक्त शशि रंजन और वीर कुंवर सिंह विचार मंच के अध्यक्ष विनय कुमार सिंह और अन्य सदस्य मौजूद थे।