राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा: बैसाख महीने की भीषण गर्मी को देखते हुए रविवार को मगध संघमित्रा क्षेत्र में सामाजिक सरोकार की एक सराहनीय पहल देखने को मिली। अर्पिता महिला मंडल के कुशल निर्देशन में मगध संघमित्रा क्षेत्र महिला समिति द्वारा बसरिया चौक, मगध खनन क्षेत्र अंतर्गत सड़क किनारे एक प्याऊ स्टॉल लगाकर राहगीरों के बीच ठंडे पेय पदार्थ एवं फल का वितरण किया गया। इस दौरान राहगीरों को ठंडा पानी, सत्तू घोल, नींबू पानी, जलजीरा, छाछ, गुड़, चना, तरबूज, खीरा एवं लस्सी वितरित कर गर्मी से राहत पहुंचाई गई। तपती धूप में सफर कर रहे लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया। महिला समिति की ओर से बताया गया कि यह सेवा कार्य पूरे गर्मी के मौसम में लगातार जारी रखा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों को राहत मिल सके।इस पुनीत कार्य में श्वेता कुमारी, ममता सडाला, निशा सिन्हा एवं रीना सिंह की सक्रिय सहभागिता रही है।

