राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया : जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गम्हरिया, सरायकेला-खरसावां द्वारा एक दिवसीय गैर-आवासीय केस-स्टडी संगोष्ठी 2026 का सफल आयोजन किया गया, जिसमें जिले के सभी प्रखंडों से आए लगभग 20-20 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संगोष्ठी का मुख्य विषय “वर्ग-कक्ष की परिस्थितियां, समस्याएं और समाधान” रहा, जिस पर प्रतिभागियों ने समूहवार अपने-अपने केस-स्टडी प्रस्तुत कर शिक्षण के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों और उनके प्रभावी समाधान पर गहन चर्चा की। कार्यक्रम की शुरुआत जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देशानुसार संकाय प्रभारी पंकज कुमार, सदस्य आर. लक्ष्मण राव, अनुभा सिंह, सीमा कुमारी तथा शिक्षक प्रतिनिधि सुधाकर ठाकुर और राजीव रंजन द्वारा सामूहिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई। संगोष्ठी का संचालन संकाय सदस्या डॉ. मनीला कुमारी ने कुशलतापूर्वक किया। इस अवसर पर शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और कक्षा-कक्ष को अधिक प्रभावी एवं छात्र-केंद्रित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। कार्यक्रम ने शिक्षकों के बीच नवाचार, सहयोग और विचार-विमर्श को एक नई दिशा प्रदान की।

