जुगसलाई में पिस्टल के बल पर धमकी का मामला, आरोपी कुलदीप सिंह हिरासत में
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र में पिस्टल के बल पर धमकाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी कुलदीप सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी की पिस्टल के साथ फोटो वायरल होने के बाद पुलिस हथियार जब्त करने की कार्रवाई में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, जुगसलाई निवासी अमित कुमार सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी पुश्तैनी जमीन (प्लॉट संख्या 962, खाता संख्या 97) पर जाली दस्तावेज बनाकर अवैध निर्माण कराया जा रहा था। आरोप है कि मंजू खेतान और संतोष खेतान द्वारा ठेकेदार कुलदीप सिंह के माध्यम से जबरन निर्माण कराया जा रहा है।
अमित कुमार सिंह ने बताया कि 25 मार्च को जब वे अपनी जमीन पर काम रोकने पहुंचे तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए पिस्टल दिखाकर धमकी दी और वहां से भगा दिया। भयभीत होकर उन्होंने जुगसलाई थाना और एसएसपी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।

