फुटपाथ खाली करने की चेतावनी ड्रेन के ऊपर रखे सामान हटाने का निर्देश, नहीं मानने पर होगी सख्त कार्रवाई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल बाजार में बढ़ती जाम की समस्या और फुटपाथों पर हो रहे अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को पुलिस ने अभियान चलाया। चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी के नेतृत्व में जमशेदपुर-धनबाद मुख्य मार्ग, मुख्य बाजार तथा डैम रोड क्षेत्र में ड्राइव चलाकर दुकानदारों को ड्रेन और फुटपाथ पर रखा सामान तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया।
अभियान के दौरान थाना प्रभारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि ड्रेन के ऊपर किसी भी प्रकार का अस्थायी अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि दुकानदारों ने स्वेच्छा से सामान नहीं हटाया तो ऐसे प्रतिष्ठानों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि दुकानदारों द्वारा ड्रेन और फुटपाथ पर सामान सजाने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है और मुख्य बाजार में आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसी को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया।
गौरतलब है कि करीब 15 दिन पहले भी थाना प्रभारी ने अतिक्रमण हटाने को लेकर विशेष अभियान चलाकर दुकानदारों को चेतावनी दी थी। इसके बावजूद कई स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण किए जाने के बाद पुलिस ने एक बार फिर कार्रवाई शुरू की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और आम लोगों की सुविधा के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

