जमशेदपुर की बिगड़ती विधि-व्यवस्था पर CAIT चिंतित, मुख्यमंत्री से 7 तत्काल कदम उठाने की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने जमशेदपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री से व्यापारियों और नागरिकों की सुरक्षा के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। CAIT के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेश सोंथालिया ने कहा कि जमशेदपुर प्रमुख औद्योगिक एवं व्यापारिक केंद्र है और यहां की कानून-व्यवस्था का सीधा असर व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों पर पड़ता है।
CAIT ने साकची, बिष्टुपुर, जुगसलाई, गोलमुरी, मानगो और आदित्यपुर सहित प्रमुख बाजारों में दिन-रात पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, विशेष सुरक्षा अधिकारियों की नियुक्ति, आधुनिक CCTV निगरानी, त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया व्यवस्था, संगठित अपराध व रंगदारी के खिलाफ विशेष अभियान, पुलिस-व्यापारी समन्वय समिति के गठन तथा कानून-व्यवस्था की मासिक समीक्षा की मांग की है।
सोंथालिया ने कहा कि “सुरक्षित व्यापारी, सुरक्षित बाजार और सुरक्षित जमशेदपुर” के लिए व्यापारी संगठन पुलिस-प्रशासन के साथ मिलकर काम करने को तैयार हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से जमशेदपुर की कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा कर समयबद्ध निर्देश जारी करने का आग्रह किया।

