जमशेदपुर: बिष्टुपुर बाजार की दो दुकानों में सेंधमारी, करीब 1.90 लाख रुपये नकद लेकर फरार हुए चोर
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित बिष्टुपुर बाजार में शनिवार देर रात चोरों ने दो दुकानों में सेंधमारी कर करीब 1.90 लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद बाजार के दुकानदारों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले राकेश कुमार के श्याम जनरल स्टोर का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और गल्ले में रखे करीब एक लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। इसके बाद चोरों ने पास स्थित अब्दुल कलाम की फल दुकान को निशाना बनाया और वहां पेटी में रखे करीब 90 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।
शनिवार सुबह जब दोनों दुकानदार अपनी-अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो ताले टूटे मिले और नकदी गायब थी। चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदारों की भीड़ जुट गई और मामले की सूचना बिष्टुपुर थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से बिष्टुपुर बाजार के व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, नियमित पुलिस पेट्रोलिंग कराने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

