ब्राह्मण युवा शक्ति संघ का चुनाव संपन्न, श्याम जी तिवारी बने अध्यक्ष
2214 मत हासिल कर दर्ज की जीत, अभय पांडेय महामंत्री, दिवाकर पांडेय उपाध्यक्ष और पवन उपाध्याय बने संयुक्त सचिव
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। ब्राह्मण युवा शक्ति संघ का बहुप्रतीक्षित जिला अध्यक्ष चुनाव रविवार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। चुनाव को लेकर ब्राह्मण समाज के युवाओं के साथ-साथ महिलाओं और वरिष्ठ सदस्यों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। मतदान केंद्र पर सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ जुटने लगी थी। लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुए इस चुनाव में कुल 5166 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसमें 222 मत अवैध घोषित किए गए।

अध्यक्ष पद के लिए मैदान में चार प्रत्याशी थे। मतगणना के बाद श्याम जी तिवारी ने सर्वाधिक 2214 मत प्राप्त कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। वहीं अभय पांडेय को 1668 मत, दिवाकर पांडेय को 882 मत तथा पवन उपाध्याय को 180 मत प्राप्त हुए। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया और सभी प्रत्याशियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सम्मान करते हुए परिणाम को स्वीकार किया।
चुनाव परिणाम के बाद संघ की नई कार्यकारिणी में जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया। श्याम जी तिवारी को अध्यक्ष, अभय पांडेय को महामंत्री, दिवाकर पांडेय को उपाध्यक्ष तथा पवन उपाध्याय को संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई टीम के गठन के साथ ही समाज के लोगों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

‘ब्राह्मण समाज संगठित और एकजुट है’ : अप्पू तिवारी
चुनाव संचालन समिति के संयोजक अप्पू तिवारी ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं चुनाव में शामिल सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ब्राह्मण युवा शक्ति संघ के चुनाव ने शहर में एक सकारात्मक संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज के युवाओं ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर यह साबित किया है कि समाज संगठित, जागरूक और एकजुट है।
उन्होंने कहा कि समाज को किसी भी स्तर पर कमतर आंकने की भूल नहीं करनी चाहिए। संघ का उद्देश्य केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर परिवार को मजबूत करना, युवाओं को सकारात्मक दिशा देना और सामाजिक एकता को और मजबूत करना है।
अप्पू तिवारी ने कहा कि संघ की ओर से दिए गए सुझावों एवं समाज की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नई टीम को आगे कार्य करना होगा। ब्राह्मण परिवारों की मजबूती और सामाजिक उत्थान के साथ युवाओं को शिक्षा, संस्कार एवं वैदिक ज्ञान से जोड़ने की दिशा में भी विशेष पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समाज के युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी युवा पीढ़ी है। यदि युवा शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ेंगे तो समाज को नई दिशा मिल सकती है।
अभिभावक मंडली की भूमिका रही महत्वपूर्ण
चुनावी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण बनाए रखने में समाज की अभिभावक मंडली की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। चुनावी माहौल को खुशनुमा बनाए रखने और सभी प्रत्याशियों के बीच आपसी भाईचारा बनाए रखने में कमल किशोर जी, अधिवक्ता अनिल तिवारी, आनंद बिहारी दुबे, नकुल तिवारी, मुन्ना चौबे, दशरथ चौबे, अरुण पांडे, विष्णु भगवान पाठक, दिलीप ओझा, श्रीनिवास तिवारी, डी.के. मिश्रा, रामनाथ दुबे, सुधांशु ओझा, रघुनाथ पांडे, विमलेश उपाध्याय, हरेंद्र मिश्रा, अशोक पांडेय, वेदप्रकाश उपाध्याय, ओमप्रकाश उपाध्याय, विजय खान, सौरभ विष्णु एवं रामकृष्ण उपाध्याय सहित अन्य लोगों की भूमिका सराहनीय रही।
संचालन समिति ने संभाली चुनाव की जिम्मेदारी
चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में संचालन समिति के सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कमलेश दुबे, संतोष जोशी, अभिषेक ओझा, अरुण शुक्ला, दिलीप पांडे, विजय प्रकाश पाठक, राकेश उपाध्याय, रंजीत झा, विवेक पांडेय, सुशील पांडेय, रितेश झा, महेश मिश्रा, जुगुनू पांडेय, राजेश ओझा, ओमप्रकाश पाठक, दीपू तिवारी, रवि पांडेय और संजय ओझा समेत अन्य सदस्यों ने चुनाव की विभिन्न व्यवस्थाओं को संभाला।
महिलाओं की भागीदारी ने बढ़ाया उत्साह
मतदान के दौरान युवाओं के साथ-साथ महिलाओं में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिला मतदाताओं ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदाताओं ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर उत्साह दिखाया और इसे समाज में लोकतांत्रिक सहभागिता को मजबूत करने वाला कदम बताया।
चुनाव संचालन समिति की ओर से सभी प्रत्याशियों, मतदाताओं, अभिभावक मंडली, संचालन समिति के सदस्यों और चुनाव को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
नई टीम के सामने अब समाज के युवाओं को एकजुट करने, नशामुक्ति अभियान को आगे बढ़ाने, सामाजिक एवं पारिवारिक मजबूती, वैदिक ज्ञान एवं संस्कारों के संरक्षण तथा ब्राह्मण समाज के जरूरतमंद परिवारों के उत्थान की दिशा में कार्य करने की जिम्मेदारी होगी।
चुनाव परिणाम के साथ ही संघ ने नई शुरुआत की है और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से समाज के लोगों ने उम्मीद जताई है कि वे आपसी समन्वय एवं एकजुटता के साथ ब्राह्मण युवा शक्ति संघ को और मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करेंगे।

