तुलसी भवन में भारतेंदु हरिश्चंद्र, सर्वेश्वर दयाल सक्सेना व श्रीकांत वर्मा की जयंती समारोह सह ‘काव्य कलश’ आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन/तुलसी भवन के प्रयाग कक्ष में हिन्दी के ख्यातिलब्ध साहित्यकार भारतेंदु हरिश्चंद्र, सर्वेश्वर दयाल सक्सेना एवं श्रीकांत वर्मा की जयंती समारोह सह मासिक ‘काव्य कलश’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता तुलसी भवन के अध्यक्ष सुभाष चन्द्र मुनका ने की, जबकि संचालन नीता सागर चौधरी एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रसन्न वदन मेहता ने किया। दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। साहित्यकार त्रय के साहित्यिक जीवन एवं योगदान पर रीना सिन्हा सलोनी, सुरेश चन्द्र झा और अशोक पाठक स्नेही ने प्रकाश डाला।
इस अवसर पर सुभाष चन्द्र मुनका को जन्मदिन पर साहित्यकारों की ओर से सम्मानित किया गया। इसके बाद आयोजित ‘काव्य कलश’ में शहर के करीब 33 साहित्यकारों ने स्वरचित कविताओं का पाठ कर साहित्यिक वातावरण को समृद्ध किया।
कार्यक्रम में साहित्य समिति के सचिव डॉ. अजय कुमार ओझा समेत बड़ी संख्या में साहित्यकार एवं साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।

