टाटा मोटर्स में बोनस समझौता संपन्न, मजदूरों के लिए कई खुशखबरियां
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा मोटर्स में शनिवार को बोनस समझौता संपन्न हुआ। यूनियन और प्रबंधन के बीच कई दौर की वार्ता के बाद हुए इस समझौते से मजदूरों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। समझौते के बाद यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आर.के. सिंह का कंपनी परिसर से बाहर निकलते ही जोरदार स्वागत किया गया। जुलूस, ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और फूल-मालाओं के साथ यूनियन कार्यालय तक उत्सव जैसा माहौल रहा।

महामंत्री आर.के. सिंह ने मजदूरों को संबोधित करते हुए कहा कि यूनियन सभी को ध्यान में रखकर बोनस समझौता करती है। वहीं, अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने कहा कि तीन माह की कड़ी मेहनत के बाद यह परिणाम सामने आया है। सलाहकार प्रवीण सिंह ने बोनस समझौते को मजदूरों की बड़ी उपलब्धि बताया और भविष्य में और बेहतर परिणाम देने का भरोसा दिलाया।

बोनस समझौते की मुख्य बातें:
वर्ष 2025 में सात हजार मजदूरों को अधिकतम ₹75,223 और औसतन ₹50,160 बोनस मिलेगा। लगभग 1300 कर्मचारियों को 8.33% बोनस दिया जाएगा सुपरएनुएशन के तहत आने वाले कर्मियों को ₹15,048 बोनस मिलेगा। इस बार बोनस 12.3% रहा, जो पिछले वर्ष से 1.3% अधिक है। 375 अस्थायी कर्मियों का स्थायीकरण होगा।

टीएमएसटी और अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षुओं में से 148 को स्थायी नियोजन मिलेगा।
प्रबंधन की ओर से सीएचआरओ सीताराम कांडी, वीपी विशाल बादशाह, प्लांट हेड सुनील तिवारी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे, जबकि यूनियन की ओर से अध्यक्ष, महामंत्री और सभी पदाधिकारी शामिल रहे।


