बोकारो करंट लगने से बोकारो के नावाडीह के प्रवासी मजदूर मनोज कुमार महतो की गोवा में मौत। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल
राष्ट्र संवाद संवादाता
बोकारो,गिरिडीह और हजारीबाग आदि क्षेत्र में एक के बाद एक लगातार हो रही प्रवासी मजदूरों की मौत व विदेशो में फंसने का सिलसिला नहीं थम रहा है। इसी कड़ी में अब बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड के अंतर्गत मुंगो रंगामाटी निवासी चंद्रशेखर महतो के 22 वर्षीय पुत्र मनोज कुमार महतो काम के दौरान बिजली के करंट लगने से इलाज के दौरान मौत हो गयी।जबकि इसी गांव के धनेश्वर महतो,जितेंद्र महतो युगल महतो करंट लगने से घायल हो गया।इसकी सूचना सुबह मिलते ही परिवार का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
इस दुखद हादसे की सूचना मिलते ही प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले समाजसेवी सिकन्दर मृतक के घर पहुंचकर परिवार का ढांढस बंधाया और उन्होंने कंपनी से उचित मुआवजे की मांग की है।उन्होंने कहा कि रोजी कमाने जानेवाले बेरोजगार युवकों की मौत के मुंह में समा जाने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई लोगों की मौत हो चुकी है।वहीं बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड के कतवारी निवासी सत्येंद्र महतो का शव एक महीने से सऊदी अरब में पड़ा हैं और गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत तिरला निवासी लालचंद महतो का शव पिछले 21 दिनों से दुबई में पड़ा हुआ है।जबकि आज गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंडरो के द्वारिका महतो का शव एक महीने बाद सऊदी अरब से घर पहुंचा है।

