जेपीएससी एवं जेएसएससी की सभी भर्ती प्रक्रियाओं की सीबीआई जांच हो, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई : बिद्युत बरण महतो
राष्ट्र संवाद संवाद
जमशेदपुर के सांसद श्री बिद्युत बरण महतो ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को गंभीर विषय बताते हुए इसकी निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि राज्य के लाखों युवाओं का भविष्य इन भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़ा है। यदि परीक्षाओं में किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है, तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
सांसद ने कहा कि झारखंड उच्च न्यायालय को इस पूरे मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए पिछले कुछ वर्षों के दौरान जेपीएससी एवं जेएसएससी द्वारा संपन्न कराई गई सभी भर्ती प्रक्रियाओं की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने पर विचार करना चाहिए। उनका कहना है कि इससे भर्ती प्रक्रियाओं की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों का स्पष्ट उत्तर मिल सकेगा तथा युवाओं का विश्वास बहाल होगा।
श्री महतो ने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता, भ्रष्टाचार अथवा अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हुआ है, तो इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति या संस्था को कानून के दायरे में लाकर कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है और दोषियों को किसी प्रकार का संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।
सांसद ने राज्य सरकार से भी आग्रह किया कि भर्ती प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी एवं ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि राज्य के प्रतिभाशाली एवं मेहनती युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकारी नियुक्तियों में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं जवाबदेही लोकतांत्रिक व्यवस्था की मूल आधारशिला है और इसे हर हाल में बनाए रखना आवश्यक है।

