एस.डी.एस.एम. स्कूल फॉर एक्सीलेंस में ‘बोर्ड अचीवर्स डे’ का आयोजन, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। एस.डी.एस.एम. स्कूल फॉर एक्सीलेंस में शनिवार को ‘बोर्ड अचीवर्स डे’ का आयोजन कर शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कक्षा 10वीं में शुभम दत्ता ने 97.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वहीं, कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय में अक्षत ने 93.2 प्रतिशत और मानविकी संकाय में बोबिना भट्टा मिश्रा ने 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने-अपने संकाय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। तीनों विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों तथा प्रत्येक विषय के टॉपर्स को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय ने बताया कि 366 विद्यार्थियों में से कक्षा 10वीं के 62 और कक्षा 12वीं के 38, कुल 100 विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए ‘अचीवर्स सर्टिफिकेट’ प्रदान किए गए।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मौसमी दास ने पुरस्कार वितरित करते हुए बोर्ड परीक्षा परिणामों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान, कौशल, सकारात्मक सोच, आलोचनात्मक चिंतन और निरंतर सीखने की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उत्कृष्टता निरंतर प्रयास और अनुशासन से प्राप्त होती है।
सम्मानित विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों, प्रबंधन तथा अभिभावकों के सहयोग और मार्गदर्शन को दिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन, विद्यालय गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

