बोकारो के अंबेडकर नगर में खूनी संघर्ष, नाली विवाद में आधा दर्जन लोग घायल
राष्ट्र संवाद संवादाता
बोकारो के सेक्टर-1बी बीएसटी थाना क्षेत्र स्थित धोबी लाइन अंबेडकर नगर में नाली और रास्ते के विवाद को लेकर दो पड़ोसियों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे तथा धारदार हथियार चले। इस घटना में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिनका इलाज बोकारो सदर अस्पताल में चल रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घटना सेक्टर-1बी के धोबी लाइन अंबेडकर नगर की है, जहां नाली और रास्ते को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद बुधवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे और धारदार भुजली का इस्तेमाल होने लगा। संघर्ष में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
एक पक्ष का आरोप है कि मोहल्ले में टूटी हुई नाली का निर्माण सभी लोगों के सहयोग से कराया गया था। निर्माण के बाद कुछ लोग जबरन नाली के ऊपर से वाहन लेकर गुजर रहे थे। इसका विरोध करने पर विवाद शुरू हुआ और बाद में मारपीट की घटना हो गई।
वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि रास्ते में खटिया लगाकर बैठने का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। उनका आरोप है कि विवाद के दौरान उन पर हमला किया गया, जिससे कई लोग घायल हो गए।
घटना में घायल हुए अन्य लोगों का भी सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है। मारपीट के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई थी।
सूचना मिलने पर बीएसटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।

