जमशेदपुर में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, संगठन मजबूती और नेतृत्व विकास पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
भारतीय जनता पार्टी की ओर से जमशेदपुर में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर जोर दिया गया। शिविर में जिले भर से पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। जमशेदपुर में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने किया। इस प्रशिक्षण शिविर में कुल 12 विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्य, नेतृत्व क्षमता, पार्टी की विचारधारा और जनसंपर्क से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

शिविर में वक्ता के रूप में डॉ दिनेशनंद गोस्वामी, करमवीर सिंह, अमर बाउरी, डॉ प्रदीप वर्मा, डॉ रविन्द्र राय और मृत्युंजय शर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता एवं वक्तागण मौजूद रहे, जिन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में जिले के 28 मंडलों के अध्यक्ष और महामंत्री, वरिष्ठ नेता, पूर्व जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य भी उपस्थित रहे। पार्टी नेताओं ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं में नेतृत्व कौशल विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

