जमशेदपुर में बिजली-पानी संकट को लेकर भाजपा का जोरदार प्रदर्शन, उपायुक्त कार्यालय का घेराव पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और विधायक पूर्णिमा दास साहू के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता पहुंचे
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : राज्य में लगातार बढ़ रही बिजली और पानी की समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को जमशेदपुर में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमशेदपुर उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आम जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई।

प्रदर्शन में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास तथा जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा की विधायक पूर्णिमा दास साहू भी शामिल हुईं। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ उपायुक्त कार्यालय तक मार्च किया और राज्य सरकार पर जनता की समस्याओं को लेकर उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

पूर्वी विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बिजली कटौती हो रही है, वहीं कई इलाकों में पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है। इससे आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन सरकार इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य की जनता बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर लोगों को राहत नहीं मिल रही। वहीं विधायक पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि भाजपा जनता की आवाज को दबने नहीं देगी और जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं के कारण उपायुक्त कार्यालय परिसर के आसपास काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिजली-पानी की समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो पार्टी राज्यभर में आंदोलन को और तेज करेगी।

