चाईबासा लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा का कोल्हान बंद, सरायकेला में मीरा मुंडा और उदय सिंहदेव के नेतृत्व में निकला प्रदर्शन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला, 29 अक्टूबर। चाईबासा में आदिवासियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा द्वारा बुलाए गए कोल्हान बंद के तहत बुधवार को सरायकेला में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों से अपील कर दुकानें बंद कराईं।
भाजपा नेत्री मीरा मुंडा और जिला अध्यक्ष उदय सिंहदेव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गैरेज चौक से संजय चौक तक मार्च कर लोगों से बंद का समर्थन करने की अपील की। मीरा मुंडा ने कहा कि “यह सरकार पूरी तरह दमनकारी है, जिसने आवाज उठाने वाले आदिवासियों पर लाठीचार्ज कर उनकी अस्मिता का अपमान किया है।”
उदय सिंहदेव ने बताया कि चाईबासा में ग्रामीण शांतिपूर्ण तरीके से सड़क सुरक्षा की मांग कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मंत्री दीपक बिरुआ से मिलने नहीं दिया और रात में भोजन के दौरान उन पर लाठीचार्ज कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि “सरकार ने गर्भवती महिला तक को दो दिनों से थाने में बैठा रखा है, जो बेहद निंदनीय है।”
स्वास्थ्य विभाग पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ाने की घटना विभाग की घोर लापरवाही है और जिम्मेदार अधिकारियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। सिंहदेव ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के कार्यकाल में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, इसलिए उन्हें तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।

