भाजपा कार्यकर्ता ने जिला अध्यक्ष को लिखा खुला पत्र, संगठन में उपेक्षा और गुटबाजी के लगाए आरोप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 25 जून 2026: भारतीय जनता पार्टी के कदमा मंडल के कार्यकर्ता डी. एन. सिंह ने भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा को एक खुला पत्र लिखकर संगठन में कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और कथित गुटबाजी को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
पत्र में उन्होंने आरोप लगाया है कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में कदमा मंडल के कई वरिष्ठ और पुराने कार्यकर्ताओं को आमंत्रित नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि पूर्व जिला अध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी संगठन की एकजुटता पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।
डी. एन. सिंह ने जिला अध्यक्ष से सवाल किया है कि क्या मंडल में गुटबाजी को बढ़ावा दिया जा रहा है और क्या पुराने कार्यकर्ताओं के योगदान को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक पार्टी के लिए मेहनत की, उन्हें कार्यक्रमों की सूचना तक नहीं दी जा रही है।
पत्र में नव नियुक्त मंडल अध्यक्ष को लेकर भी असंतोष व्यक्त किया गया है। उन्होंने दावा किया कि कदमा मंडल के कई कार्यकर्ता वर्तमान नेतृत्व के साथ काम करने को इच्छुक नहीं हैं और संगठन के महत्वपूर्ण निर्णय लेने से पहले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से राय नहीं ली गई।
भाजपा कार्यकर्ता ने जिला अध्यक्ष को संबोधित करते हुए कहा कि एक समर्पित कार्यकर्ता तैयार करने में वर्षों लग जाते हैं, लेकिन उनकी उपेक्षा से पार्टी को भविष्य में नुकसान हो सकता है। उन्होंने संगठन हित में सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने तथा मंडल स्तर पर लिए गए निर्णयों की समीक्षा करने की मांग की है।
पत्र के अंत में डी. एन. सिंह ने संगठन की मजबूती के लिए संवाद, समन्वय और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मान को आवश्यक बताते हुए जिला नेतृत्व से सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया है।

