अटल मोहल्ला क्लीनिक का नाम बदलने पर भाजपा का विरोध, सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:झारखंड सरकार द्वारा अटल मोहल्ला क्लीनिक का नाम बदलकर मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लीनिक करने के फैसले का भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा विरोध किया है। भाजपा नेताओं ने इसे तुष्टिकरण और निम्नस्तरीय राजनीति की संज्ञा दी है।

भाजयुमो के प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी झारखंड राज्य के निर्माता रहे हैं और उनके नाम पर बने क्लीनिक का नाम बदलना राष्ट्रवादी विचारधारा पर हमला है। उन्होंने इस निर्णय को “जनहित के कार्यों का राजनीतिकरण” बताया।

भाजपा जिला सोशल मीडिया सह संयोजक अमित सिंह ने कहा कि अटल जी के नाम पर बने क्लीनिक का नाम बदलना जनता की भावनाओं का अपमान है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस फैसले पर पुनर्विचार की मांग की भाजपा ने चेतावनी दी है कि वह राज्यव्यापी जन आंदोलन के माध्यम से इस निर्णय का विरोध करेगी और अटल जी के सम्मान में कोई कमी नहीं आने देगी।


