भाजपा नेता हरबंश लाल श्रीवास्तव का निधन, पार्टी ध्वज ओढ़कर दी गई अंतिम विदाई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। भाजपा जमशेदपुर महानगर के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला कोषाध्यक्ष हरबंश लाल श्रीवास्तव का रविवार को निधन हो गया। परसुडीह स्थित उनके आवास पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता अंतिम दर्शन को पहुंचे और पार्टी का ध्वज ओढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

महानगर महामंत्री अनिल मोदी ने कहा कि श्रीवास्तव पार्टी के धरोहर थे, उनका निधन संगठन के लिए बड़ी क्षति है। महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने भी इसे पार्टी व समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

हरबंश श्रीवास्तव ने भाजपा और विश्व हिंदू परिषद में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया था। उनका अंतिम संस्कार पार्वती घाट पर हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और गणमान्यजन शामिल हुए।


