मूलभूत नागरिक समस्याओं को लेकर भाजपा का मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगरपरिषद के कार्यालय पर हल्ला बोल, कहा- जल नही तो बिल नहीं और सुविधा नही तो होल्डिंग टैक्स नहीं।
■ भाजपा ने अधिकारियों को चेताया, कहा- नगर निगम और नगर परिषद अपने मूल कार्यों को भूल गया है, शीघ्र समस्याओं के निदान ना होने पर उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
जमशेदपुर। मानगो, उलीडीह, आजादनगर एवं जुगसलाई क्षेत्र के नागरिक सुविधा की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगरपरिषद के कार्यालय पर जोरदार हल्ला बोला। मानगो नगर निगम कार्यालय पर मानगो मंडल अध्यक्ष बिनोद राय, आजादनगर मंडल अध्यक्ष फातिमा शाहीन एवं उलीडीह मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र पासवान और जुगसलाई नगर परिषद के कार्यालय पर जुगसलाई मंडल अध्यक्ष हेमेंद्र जैन ‘हन्नु’ के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में नागरिक सुविधा के अभाव में हो रही समस्याओं पर हेमंत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कार्यपालक पदाधिकारी को विभिन्न समस्याओं से संबंधित मांगपत्र सौंपकर शीघ्र निदान की मांग की। भाजपा ने मांगपत्र में क्षेत्र की समस्याओं पर ध्यान आकृष्ट कराते हुए अविलंब निष्पादन की मांग की है। मांगपत्र में बताया गया है कि लोगों को मूलभूत नागरिक सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। सड़कों और गलियों में गंदगी का अंबार है। जल निकासी की व्यवस्था ठप पड़ी है। विभिन्न स्थानों पर सीवर लाइन उफन रहा है। क्षेत्र में बिजली की आंख-मिचौली से जनता त्रस्त हो गयी है। पेयजल की किल्लत हमेशा बनी रहती है। स्ट्रीट लाइट खराब होने पर और सड़क बदहाल होने से जान-माल के नुकसान की संभावना बनी रहती है। क्षेत्र में पार्क की स्थिति बदहाल है। इसके साथ ही भीषण गर्मी में क्षेत्र के चापाकल भी मरम्मती के आभाव में बेकार पड़े हैं। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए नगर निगम के कार्यालय पर पहुंचे और क्षेत्र में बुनियादी नागरिक सुविधाओं की मांग करते हुए पोस्टर, बर्तन और तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जल नहीं तो बिल नहीं, सुविधा नहीं तो होल्डिंग टैक्स नहीं का नारा बुलंद किया।
मानगो नगर निगम के कार्यालय पर प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष गुँजन यादव ने कहा कि मानगो नगर निगम अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में समुचित तरीके से साफ-सफाई नहीं होने से चारों ओर गंदगी हीं नजर आती है।साफ-सफाई के मामले में उनका ध्यान अधिकांश मुख्य सड़कों की सफाई कराने में ही रहता है। ऐसे में तंग गलियों व मुहल्लों में सफाई को नजरअंदाज किया जाने लगा है। क्षेत्र में बिजली एवं पानी की निर्बाध आपूर्ति नही होने से लोग त्राहिमाम हैं। गुँजन यादव ने कहा कि ऐसा लगता है मानों नगर निगम अपने मूल उद्देश्य व कार्यों को भूल गया हो। पहले की तरह अब न तो शहर की सफाई होती है और न अन्य नागरिक सुविधा उपलब्ध कराती है। इस साल की भीषण गर्मी में लोग गंभीर जलसंकट से जूझ रहे हैं। तो वहीं, ना ही फॉगिंग मशीन चलते हैं और न ही कीटनाशकों और ब्लीचिंग पाउडर का कभी छिड़काव किया जाता है। नाली सफाई के नाम पर निकाला गया कचड़ा कई दिनों तक सड़क पर पड़ा रहता है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर नगम निगम इन समस्याओं के समाधान के दिशा में गंभीरतापूर्वक कार्य नही करती है तो भाजपा हेमंत सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन को बाध्य होगी।
वहीं, जुगसलाई में नगर परिषद के कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए जिला महामंत्री राकेश सिंह और महामंत्री अनिल मोदी ने कहा कि भाजपा ने बिंदुवार समस्याओं को अंकित कर अविलंब निष्पादन की मांग की है। मांग पूरी ना होने पर परिषद के अधिकारियों के कार्यालय की बत्ती गुल कर उन्हें जनता की समस्याओं का प्रत्यक्ष रूप से अनुभव कराया जाएगा। कहा कि भारतीय जनता पार्टी भ्रष्ट सरकार के भ्रष्ट पदाधिकारियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर पूरे प्रदेश के विभिन्न नगर निकायों में प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज करा रही है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष गुंजन यादव, राजकुमार श्रीवास्तव, नीरज सिंह, सुधांशु ओझा, संजीव सिन्हा, राकेश सिंह, अनिल मोदी, नीलू मछुआ, मंजीत सिंह, राजीव सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद, मोहम्मद निसार अहमद, दशरथ चौबे, जटा शंकर पांडे, मुचिराम बाउरी, ज्योति अधिकारी, बिनानंद सिरका, ज्ञान प्रकाश, कौस्तव रॉय, बिनोद सिंह, नारायण पोद्दार, त्रिदेव चट्टराज, अशोक सिंह चौहान, नित्यानंद सिन्हा, विजय सिंह, प्रोफेसर यूपी सिंह, छोटन मिश्रा, दिलीप सिंह, सुशील पांडेय, राहुल कुमार, नीलकमल, शेखर, काशी प्रजापति, संतोष चौहान, विनय कुमार, इमरान खान, गुलाम मौला, धर्मपाल सिंह ,गुलनार खान, माधुरी सिंह शोएब, राकेश सिंह लोधी, प्रमोद मालाकार, राहुल कुमार, संदीप शर्मा, अमूल्य महतो, रीना सिंह, भारती केसरी, श्वेता कुमारी,सुंदर गुप्ता, नागेंद्र पांडेय, देवेंद्र शर्मा शाखा, सत्यनारायण अग्रवाल मुन्ना, प्रकाश अग्रवाल, शेखर शर्मा, पिंटू शर्मा, सुनील शर्मा, अरविंदर कौर, सोनू तिलावत, बलबीर कौर, नीलिमा शर्मा, शिव शर्मा, विमल अग्रवाल, नितिन झा, अनूप खां, विकाश सिंह, सुनील साहू, कृष्णकांत पांडेय समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।