महाराष्ट्र में ओला-उबर बाइक टैक्सी पर रोक, हजारों ड्राइवरों की रोजी-रोटी पर संकट
राष्ट्र संवाद
इंद्र यादव
मुंबई :महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए Ola, Uber और Rapido की बाइक टैक्सी सेवाओं पर रोक लगा दी है। लाइसेंस रद्द होने के बाद मुंबई, पुणे और ठाणे समेत कई शहरों में बाइक टैक्सी सेवा तत्काल प्रभाव से बंद कर दी गई है।
सरकार का कहना है कि कंपनियां तय नियमों का पालन नहीं कर रही थीं। इलेक्ट्रिक बाइक की अनुमति होने के बावजूद पेट्रोल बाइक चलाई जा रही थीं, साथ ही सुरक्षा मानकों और पुलिस वेरिफिकेशन जैसे नियमों की भी अनदेखी की गई।
इस फैसले से हजारों ड्राइवरों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। कई युवाओं ने किस्तों पर बाइक लेकर इस काम को अपना रोजगार बनाया था। अचानक सेवा बंद होने से उनके परिवारों की आजीविका पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि सरकार और कंपनियों के बीच नियमों की खींचतान का खामियाजा आम ड्राइवरों को भुगतना पड़ रहा है, जिनका इन नीतिगत फैसलों में कोई सीधा हस्तक्षेप नहीं है।

