सरायकेला के आसंगी चेक डैम में बड़ा हादसा, नहाने गए दो किशोर डूबे; एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी
राष्ट्र संवाद संवादाता
सरायकेला आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेक डैम में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. डैम में नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में डूब गए. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा- तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया. काफी देर तक चले खोज अभियान के दौरान एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया. उसकी पहचान आदित्यपुर एस-टाइप निवासी लव कुमार के रूप में हुई है.
वहीं दूसरे लापता किशोर की पहचान उत्सव कुमार (15 वर्ष) के रूप में हुई है, जो आदित्यपुर के कल्पनापुरी का रहने वाला बताया जा रहा है. समाचार लिखे जाने तक गोताखोरों और पुलिस की टीम उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई है. घटना की सूचना मिलते ही दोनों बच्चों के परिजन आसंगी चेक डैम पहुंच गए. अपने बच्चों की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. घटनास्थल का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया. परिजन बार-बार यही सवाल कर रहे थे कि आखिर दोनों बच्चे इतनी दूर आसंगी चेक डैम तक कैसे पहुंच गए.
हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए रेस्क्यू अभियान जारी रखा. स्थानीय गोताखोरों के साथ पुलिस की टीम डैम के गहरे हिस्सों में लगातार तलाश कर रही है. आरआईटी थाना पुलिस ने बताया कि फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य प्राथमिकता है. रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद पूरे मामले की विस्तृत जांच की जाएगी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों किशोर नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए, जिससे यह हादसा हुआ. पुलिस ने लोगों से बरसात के मौसम में चेक डैम, नदी और जलाशयों में नहाने से बचने की अपील भी की है.

