लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
बलिया प्रखंड के शिवनगर में चलाया बाढ़ राहत वितरण अभियान
बलिया. इन दिनों प्रखंड क्षेत्र के 6 पंचायतों के करीब 75 हजार आबादी बाढ़ से प्रभावित है. अब बाढ़ पीडि़तों की मदद को हाथ आगे बढ़ने लगी है. इसी क्रम में गुरूवार को बाढ़ की आपदा के बीच साईं की रसोई टीम ने अपनी सामाजिक जवाबदेही निभाते हुये प्रखंड के भवानंदपुर पंचायत अंतर्गत जिले के सीमा पर बसे शिवनगर में बाढ़ राहत वितरण अभियान चलाया.
बलिया के चेचियाही ढाला से नाव की मदद से शिवनगर पहुंचकर सांईं की रसोई टीम ने बाढ़ पीड़ितों के बीच सूखा भोजन एवं आवश्यक सामग्री के सैकडों पैकेट वितरित किये. इन पैकेटों में पीड़ितों की तात्कालिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुये चूड़ा, शक्कर, बिस्किट, दालमोट, मोमबत्ती और माचिस जैसी सामग्री शामिल थे.
इस अवसर पर साईं की रसोई के खाद्य मंत्री पंकज कुमार ने बताया कि साईं की रसोई हर मुश्किल वक्त में जरूरतमंदों के साथ खड़ी रही है. इस आपदा में भी हमारी कोशिश है कि कोई भी व्यक्ति भूखा न सोये. हमारी टीम निरंतर प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाती रहेगी.
राहत सामग्री वितरण के इस अभियान में संस्था के सदस्य रौनक अग्रवाल, नितेश रंजन, शंकर कुमार, शैलेन्द्र कुमार, विपीन कुमार के साथ बलिया के सामाजिक कार्यकर्ता बलवंत कुमार मुख्य रूप से शामिल थे. बाढ़ राहत कार्यों के बारे में अधिक जानकारी के लिए बिहार सरकार की आधिकारिक वेबसाइट देखें।

