विश्व किडनी दिवस पर सदर अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम, क्रिएटिनिन बढ़ना किडनी के लिए खतरे का संकेत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।विश्व किडनी दिवस के अवसर पर 12 मार्च 2026 को सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के आदेशानुसार सदर अस्पताल के डायलिसिस यूनिट में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने बताया कि यदि खून में क्रिएटिनिन का स्तर बढ़ जाता है तो यह किडनी के लिए खतरे का संकेत हो सकता है। उन्होंने कहा कि मधुमेह किडनी रोग का सबसे बड़ा कारण है, जबकि हृदय रोग और मोटापा भी किडनी को नुकसान पहुंचा सकते हैं। किडनी का मुख्य कार्य शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालना, पानी और खनिजों का संतुलन बनाए रखना, रक्तचाप नियंत्रित करना तथा लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में सहायक हार्मोन बनाना है।
डायलिसिस यूनिट के चिकित्सक डॉ. फैजल खान ने बताया कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर किडनी रोग के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसके लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त पानी पीना, नशे से दूर रहना तथा बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाओं का सेवन नहीं करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल में किडनी रोगियों को नि:शुल्क डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध है। कार्यक्रम में डीईआईसी के सोशल वर्कर नमृता ठाकुर, कमलजीत कौर, इंदु वाला स्वासी तथा डायलिसिस यूनिट के सुखलाल मुर्मू सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

