

डोरकाशाही में एटक और विभिन्न सेलों की संयुक्त बैठक, संगठन की मजबूती पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। डोरकाशाही के ग्रामीण एवं जंगल क्षेत्र में एटक (AITUC) और इससे जुड़े विभिन्न सेलों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के साथ देश की वर्तमान राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें वामपंथी विचारधारा से जुड़े लोगों के अलावा शिक्षक, मजदूर, प्रबंधक, अधिवक्ता, किसान, नौजवान और आम नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक में एटक कोल्हान महासचिव अम्बुज ठाकुर,लीगल सेल के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता दिलीप, महासचिव अधिवक्ता गिरीश सिंह, उपाध्यक्ष शशि भूषण, शिक्षक सेल के अध्यक्ष शशि भूषण राय तथा पूर्व विधायक तुलसी रजब , हीरा अरकने विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि देश में नागरिकों के अधिकारों, संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर लगातार हमले हो रहे हैं। उन्होंने सरकार के रवैये पर चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि सरकार छात्रों, मजदूरों और आम जनता की समस्याओं एवं आवाजों को गंभीरता से नहीं सुन रही है।
वक्ताओं ने मजदूरों, किसानों, युवाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए इनके समाधान के लिए संगठित आंदोलन की आवश्यकता बताई। साथ ही देश की ज्वलंत समस्याओं के खिलाफ संघर्ष की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एटक के विभिन्न सेल और उनसे जुड़े लोग अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करेंगे तथा आपसी एकजुटता के साथ जनहित के मुद्दों को उठाएंगे। इसके साथ ही सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संयुक्त रूप से आवाज बुलंद करने और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।

