गोलमुरी की बदहाल यातायात व्यवस्था पर 48 घंटे का अल्टीमेटम, मांगें नहीं मानीं तो भूख हड़ताल करेंगे अप्पू तिवारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। गोलमुरी में सड़क किनारे बड़े वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग, सड़क पर बने गड्ढों और बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर आजसू पार्टी के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि 48 घंटे में प्रभावी कार्रवाई शुरू नहीं हुई तो दोपहर 12 बजे से भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
अप्पू तिवारी ने कहा कि भारी वाहनों की बेतरतीब पार्किंग से सड़क की चौड़ाई कम हो रही है, जबकि गड्ढों और खराब सड़क के कारण दोपहिया चालकों, पैदल यात्रियों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। रात में बिना पर्याप्त रिफ्लेक्टर और संकेतक के खड़े भारी वाहन स्थिति को और गंभीर बना रहे हैं।
उन्होंने प्रशासन से नो-पार्किंग जोन चिन्हित करने, भारी वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था, सड़क के गड्ढों की तत्काल मरम्मत, दुर्घटना संभावित स्थानों पर बैरिकेडिंग, रोड साइन, रिफ्लेक्टर और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। साथ ही पीक आवर में विशेष यातायात निगरानी, अवैध पार्किंग पर चालान व टोइंग तथा ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर स्थायी समाधान की मांग की।
अप्पू तिवारी ने कहा कि प्रस्तावित आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के विरोध में नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए होगा। उन्होंने प्रशासन से समय रहते कार्रवाई कर समस्या का समाधान करने की अपील की।

