आंगनबाड़ी सहायिकाओं ने पौष्टिक व्यंजन बनाकर दिया पोषण का संदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत सोमवार को समाहरणालय परिसर में जिला स्तरीय व्यंजन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न बाल विकास परियोजनाओं से चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं ने स्थानीय खाद्य सामग्री से पौष्टिक व्यंजन तैयार कर प्रस्तुत किए। इसका उद्देश्य संतुलित आहार और पोषण के प्रति लोगों को जागरूक करना था।

प्रतियोगिता में गोलमुरी-सह-जुगसलाई बाल विकास परियोजना ने प्रथम स्थान हासिल कर 5 हजार रुपये, बोड़ाम ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 3 हजार रुपये और बहरागोड़ा ने तृतीय स्थान पर 2 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी दिया गया।

उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए पर्याप्त भोजन के साथ उसमें जरूरी पोषक तत्वों का होना भी आवश्यक है। आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाएं बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं तक पोषण का संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। स्थानीय खाद्य सामग्री से पौष्टिक भोजन तैयार कर परिवारों को संतुलित आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।

