बढ़ते अपराध के विरोध में बंद को सफल बनाने वाले सभी व्यापारियों एवं प्रतिष्ठानों का आजसू ने जताया आभार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर शहर के सभी व्यापारियों, दुकानदारों, प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया है, जिन्होंने बढ़ते अपराध के विरोध में आयोजित बंद का व्यापक समर्थन करते हुए अपने प्रतिष्ठान एवं वाहन स्वेच्छा से बंद रखे।
उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में लगातार हत्या, लूट, छिनतई, चाकूबाजी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, लेकिन राज्य सरकार अपराध पर अंकुश लगाने में विफल साबित हुई है। ऐसे समय में शहर के व्यापारियों एवं आम जनता ने जिस तरह स्वेच्छा से बंद का समर्थन किया, वह इस बात का प्रमाण है कि जनता अब असुरक्षा और सरकार की विफल नीतियों से त्रस्त हो चुकी है।
श्री सिंह ने कहा कि शहर के अधिकांश बाजार एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्वतः बंद रहे। यह बंद किसी दबाव का परिणाम नहीं, बल्कि अपराध के खिलाफ जनता के आक्रोश और बेहतर कानून-व्यवस्था की मांग का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी सभी व्यापारिक संगठनों, दुकानदारों, प्रतिष्ठानों एवं नागरिकों के इस सहयोग के लिए हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करती है। पार्टी संकल्प लेती है कि जनता की सुरक्षा, बेहतर कानून-व्यवस्था और अपराधमुक्त झारखंड के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा तथा भ्रष्ट एवं जनविरोधी सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता से हटाने के लिए जनता के बीच जनजागरण अभियान को और तेज किया जाएगा।

