आदित्यपुर पुलिस को छिनतई के मामले में मिली सफलता, आरोपी हुआ गिरफ्तार आरोपी संग सोने की चेन एवं मोटरसाइकिल बरामत
राष्ट्र संवाद संवाददाता अमन ओझा
सरायकेला खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना पुलिस ने सोने की चैन छिनतई की एक सनसनीखेज़ घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला 9 नवंबर का है जब जमशेदपुर की ओर से आदित्यपुर एक बाइक से आ रही महिला से नए पुल पार करने के क्रम में बाइक पर सवार दो युवकों ने सोने की चेन छीन ली थी। पीड़िता के लिखित आवेदन पर आदित्यपुर थाना कांड संख्या 344/25 दिनांक 9 नवंबर 2025 धारा 304(2) बी.एन.एस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम लगातार छापेमारी कर रही थी और इसी क्रम में पुलिस ने इस्माइल आलम उर्फ चोच को आजाद नगर जमशेदपुर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और निशानदेही पर पुलिस ने पीड़िता की छिनी गई सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त काली रंग की मोटरसाइकिल गाड़ी संख्या (JH05 BH-5895) भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पेशेवर अपराधी है और क्षेत्र में चोरी, छिनतई और झपटमारी की कई घटनाओं में शामिल रहा है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक विरासत में भेज दिया गया है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी विनोद तिर्की, कौशल कुमार, विनोद टुडू, टाइगर मोबाइल से नीतीश कुमार पांडे, दीपक कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान भी शामिल थे। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

