राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
कपाली ओपी क्षेत्र में एक युवती का पीछा करने, छेड़खानी करने तथा घर में घुसकर चाकू दिखाकर धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आरोपी की पहचान हिम्मतनगर निवासी मोहम्मद तल्हा (36), पिता स्व. मोहम्मद अहमद अली के रूप में हुई है।
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के अनुसार गौसनगर निवासी युवती ने लिखित शिकायत में आरोप लगाया था कि तल्हा लगातार उसका पीछा करता था। आरोप है कि वह तेजधार चाकू लेकर उसके घर में घुसा और छेड़खानी करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद करने का दावा किया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में एएसआई धर्मेंद्र कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

