आमसभा में सामने आया जीविका समूह का सालभर का कामकाज, आगे की योजनाओं पर हुई चर्चा
जीविका से जुड़कर महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं : संगीता
बेगूसराय राष्ट्र संवाद ब्यूरो
नगर परिषद तेघड़ा के वार्ड संख्या 6 में मंगलवार को संस्कार जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति की प्रथम वार्षिक आमसभा हुई। आमसभा में समिति के एक साल के कामकाज का लेखा-जोखा सदस्यों के सामने रखा गया। वार्षिक प्रतिवेदन के साथ आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया गया और आगे की गतिविधियों को लेकर चर्चा हुई। अध्यक्षता समिति की अध्यक्षता बॉबी कुमारी ने की।
आमसभा का उद्घाटन प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी संगीता कुमारी, बीपीएम बिरजू कुमार, स्वच्छ भारत मिशन के प्रखंड समन्वयक नितेश कुमार और एसी शिप्रा कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। समिति की ओर से आमदनी 800986 रुपए, खर्चा 247818.22रुपए तथा आमदनी 553016.2 रुपये बताया गया।
आमसभा में महिलाओं के कामकाज और समूह की गतिविधियों का ब्योरा सामने आने के बाद संगीता कुमारी ने कहा कि जीविका से जुड़कर महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। वे परिवार की आमदनी बढ़ाने में भी सहयोग कर रही हैं। उन्होंने कहा कि समूह से जुड़ने के बाद महिलाओं में बचत करने और अपने स्तर पर काम करने का भरोसा बढ़ा है।
बीपीएम बिरजू कुमार ने कहा कि जीविका समूह महिलाओं को बचत के साथ रोजगार से जोड़ने का काम कर रहे हैं। नितेश कुमार ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से स्वच्छता और सामाजिक कार्यों को भी मजबूती मिल रही है।
आमसभा में पिछले एक साल के कामकाज की समीक्षा की गई और आगे की गतिविधियों तथा कार्ययोजना पर चर्चा हुई। मौके पर सीसी कौशिक कुमारी ,रामजी प्रसाद,बंटी कुमारी, सौरभ कुमार सहित बड़ी संख्या में जीविका से जुड़ी महिलाएं और समिति की सदस्य मौजूद रहीं।

