झोलाछाप डॉक्टर द्वारा इलाज के बहाने महिला से दुष्कर्म, पीड़िता के लिखित शिकायत पर आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
झारखंड के पलामू जिले से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में एक झोलाछाप डॉक्टर पर इलाज के बहाने एक महिला से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, छतरपुर क्षेत्र की एक महिला अपने पांच वर्षीय बीमार बच्चे को लेकर झोलाछाप डॉक्टर संजय कुमार के क्लीनिक पर गई थी। जांच के दौरान डॉक्टर ने महिला से कहा कि बच्चे को भाप दिलाने की जरूरत है, जिसके लिए बच्चा और महिला दोनों को उसके घर चलना होगा। पुलिस के अनुसार, घर ले जाने के बाद आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और घटना किसी से न बताने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़िता ने साहस जुटाकर अपने परिजनों को पूरी बात बताई। परिजन उसे तुरंत छतरपुर थाना ले गए, जहां महिला ने लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी झोलाछाप डॉक्टर संजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के नामुदाग (रदबा) का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने मेडिकल जांच और अन्य औपचारिकताओं के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

