चाईबासा में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित — 425 बालिकाओं ने लिया हिस्सा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा।जिला उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला समाज कल्याण शाखा, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा की ओर से जिला स्तरीय बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस का आयोजन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, चाईबासा में किया गया।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती स्वेता भारती, विद्यालय की वार्डेन, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, महिला पर्यवेक्षिकाएँ, प्रबंधक तथा बड़ी संख्या में बालिकाएँ उपस्थित रहीं।
अपने संबोधन में श्रीमती स्वेता भारती ने कहा कि “बालिकाएँ केवल परिवार की नहीं, बल्कि समाज और देश के विकास की आधारशिला हैं। शिक्षा से लेकर विज्ञान, खेल और राजनीति तक—बेटियाँ हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं।” उन्होंने आगे कहा कि हर बालिका को शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर मिलना चाहिए। बाल विवाह, भेदभाव और हिंसा जैसी समस्याओं को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
कार्यक्रम में समूह परिचर्चा, रंगोली, निबंध लेखन, वाद-विवाद एवं स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
साथ ही बालिकाओं द्वारा योग, कराटे एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियाँ भी दी गईं, जिनसे कार्यक्रम का माहौल जीवंत हो उठा।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका द्वारा किया गया एवं धन्यवाद ज्ञापन भी उन्हीं के द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर कुल 425 बालिकाएँ एवं 40 अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

