वन रक्षाबंधन कार्यक्रम में पेड़ों की सुरक्षा का संकल्प, शुरू हुआ सप्ताहभर का अभियान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। एग्रीको मैदान में रविवार को संयुक्त राष्ट्र चेतना/नरेश मोहन सेवा संस्थान के तत्वावधान में वन रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्र चेतना आशीष झा एवं अजीत कुमार ने की। पारंपरिक गीत और पूजा-अर्चना के बाद उपस्थित लोगों ने पेड़ों पर वन रक्षा सूत्र बांधकर पेड़-पौधों की सुरक्षा का संकल्प लिया।

इस अवसर पर आशीष झा ने कहा—“पेड़ बचाओ, स्वस्थ जीवन पाओ।” उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों की रक्षा करना हमारा परम कर्तव्य है क्योंकि जीवन के लिए जल, वायु और पर्यावरणीय संतुलन वनों से ही संभव है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नकुल कुमार ने कहा कि यह पहल वास्तव में “पेड़ों का त्योहार” है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करना है।

संस्थान ने सभी नागरिकों से आह्वान किया है कि वे इस पर्यावरणीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने आसपास अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर पर्यावरण को सुरक्षित बनाने में योगदान दें।


