जमशेदपुर के बड़ौदा घाट इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाट के पास एक नवजात बच्चे का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी लेते हुए शुरुआती जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात का शव वहां कैसे पहुंचा।
शुरुआती जांच के दौरान बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल उनके थाना क्षेत्र में नहीं आता। इसके बाद मामला आरआईटी थाना क्षेत्र से संबंधित पाए जाने पर सूचना वहां की पुलिस को दी गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। नवजात की पहचान और शव वहां फेंके जाने के कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

