मुरैना: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने स्वयं को अमीरों के बजाए किसान, गरीब और बेरोजगार युवाओं का हिमायती बताते हुए दावा किया कि उनकी फोटो अनिल अंबानी जैसे किसी अमीर से गले मिलते हुए कभी दिखाई नहीं देगी. बुधवार को मध्य प्रदेश के मुरैना में उन्होंने कहा कि वह मरते दम तक कभी भी अनिल अंबानी से गले नहीं मिलेंगे. गौरतलब है कि राफेल घोटाले को लेकर राहुल गांधी ने अनिल अंबानी और बीजेपी सरकार पर जमकर आरोप लगाए हैं. एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘बात समझ में आई. हम आपके हैं. हम, उन चोर अनिल अंबानी, नीरव मोदी जैसे लोगों के नहीं हैं. मेरी फोटो आपको उनसे गले मिलते हुए कभी नहीं दिखेगी. मरते दम तक मैं अनिल अंबानी से गले नहीं मिलूंगा.’ मुरैना से कांग्रेस प्रत्याशी रामनिवास रावत के लिए प्रचार करने पहुंचे राहुल ने यह भी कहा कि ‘चौकीदार’ दोबारा प्रधानमंत्री नहीं बन रहा है. राहुल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘आधे से ज्यादा चुनाव खत्म हो गया है. एक बात तो तय है कि चौकीदार प्रधानमंत्री नहीं बन रहा है.’ उन्होंने कहा कि एक आटोरिक्शा वाले ने मुझे बताया, ‘राहुल जी घबराइये मत, काम चालू है. चौकीदार को हटाएंगे. अब नरेंद्र मोदी जी अब कुछ भी कहें, लोगों का भरोसा उन पर से टूट गया है.’ उन्होंने कहा कि मोदी ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान वादा किया था कि केन्द्र में बीजेपी की सरकार आने पर दो करोड़ लोगों को रोजगार देंगे, विदेशों से कालाधन लाकर 15 लाख रुपये देश के प्रत्येक व्यक्ति के खाते में डालेंगे और किसानों को उनकी उपज का सही दाम दिलाएंगे लेकिन अपने इन वादों को पूरा नहीं किया और अब इनकी बात नहीं करते हैं.
मरते दम तक अनिल अंबानी से गले नहीं मिलूंगा: राहुल गांधी
Previous Articleज़िला कोर्ट में वकीलों से मिलकर विद्युत वरण महतो ने माँगा समर्थन
Next Article चीन ने खत्म किया अमेरिका के साथ व्यापार समझौता
