*✓ माननीय सांसद, दुमका, श्री सुनील सोरेन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आहूत; बैठक में दिए कई अहम निर्देश*
✓ *अपूर्ण और लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण का निर्देश*
*✓ सभी पंचायतों में सामुदायिक पुस्तकालय अधिष्ठापन को लेकर माननीय सांसद ने उपायुक्त जामताड़ा के पहल की सराहना की।*
आज दिनांक 28 सितंबर 2021 को माननीय सांसद दुमका श्री सुनील सोरेन के अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आहूत की गई।
माननीय सांसद सह अध्यक्ष द्वारा दिशा की विगत बैठक की कार्यवाही का अनुपालन, जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा, सामुदायिक पुस्तकालय की समीक्षा, राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 419 के 8.56 किमी (रूपनारायणपुर, पश्चिम बंगाल- झारखंड सीमा किमी 65.10 गोविंदपुर) का चौड़ीकरण एवं मजबूती करण पर कार्य पर विचार सहित अन्य बिंदुओं पर गहन समीक्षा किया गया एवं दिशा निर्देश दिया गया।
बैठक में भू अर्जन विभाग, आपूर्ति विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, पथ प्रमंडल, विद्युत, आपूर्ति प्रमंडल, स्वास्थ्य, मनरेगा, पीएम आवास, पशुपालन, कृषि, समाज कल्याण, खनन एवं सामुदायिक पुस्तकालय सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त जामताड़ा श्री फ़ैज़ अक अहमद मुमताज (भा.प्र.से.) ने माननीय सांसद को जिला अंतर्गत संचालित योजनाओं की अद्यतन प्रगति एवं पूर्व में दिए निर्देश पर हुई कार्रवाई से अवगत कराया।
*विभिन्न विभागों के अन्तर्गत संचालित योजनाओं की हुई समीक्षा।*
नारायणपुर ग्रामीण जलापूर्ति योजना में किए गए कार्य का संवेदक के लंबित भुगतान हेतु बताया गया कि राशि आवंटित हो चुकी है भुगतान हेतु अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
अंगुठिया मोड़ से बाबूपुर पथ में पुल पुलिया निर्माण सहित पथ चौड़ीकरण कार्य पूर्ण हो चुका है विटुमिनिस कार्य संपादित होना शेष है बताया गया कि बरसात के उपरांत अवशेष कार्य पूर्ण किया जायेगा। जामताड़ा करमाटांड़ लहरजोरी पथ में संवेदक द्वारा 77% कार्य पूर्ण है शेष कार्य में भू अर्जन की लंबित प्रक्रिया के कारण पूर्ण नहीं किया गया है। इस संबंध में भुगतान किया जा रहा है शिविर लगाकर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। माननीय सांसद सह अध्यक्ष के द्वारा लंबित योजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश के साथ ही लंबित मुआवजा देने का निर्देश दिया गया।
आपूर्ति विभाग की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि संबंधित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों के द्वारा कुल 272 अयोग्य लाभुकों का राशन कार्ड निरस्त किया गया है और इस संदर्भ में लगातार जांच की जा रही है। माननीय सांसद सह अध्यक्ष द्वारा संबंध में निर्देश दिया गया कि प्रचार प्रसार कर जागरूकता फैलाएं पीडीएस दुकानों में बैनर पोस्टर लगवाए। लोग जागरुक नहीं है, शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। लोगों को राशन के लिए 6 किलोमीटर दूर जाना होता है ऐसे में राशन उठाव के लिए अगर व्यवस्था है तो उसे नजदीक करें।
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा नाला प्रखंड अंतर्गत बंद पड़े ग्रामीण जलापूर्ति योजना को अविलंब चालू करने का निर्देश दिया गया था। बताया गया कि वर्तमान में नाला प्रखंड अंतर्गत ग्रामीण जलापूर्ति योजना चालू है।
विद्युत आपूर्ति विभाग की समीक्षा में निर्देश दिया गया कि विद्युत आपूर्ति बाधित ना हो साथ ही इस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का समीक्षा किया गया।
सामाजिक सुरक्षा योजना के समीक्षा क्रम में माननीय सांसद को बताया गया कि 10 योजनाओं का भुगतान प्रक्रिया में है।
मनरेगा के तहत बिरसा हरित ग्राम योजना में शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त हुई है इसके अतिरिक्त दीदी बाड़ी योजना, आम बागवानी योजना आदि का समीक्षा किया गया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के समीक्षा में उन्होंने जानकारी प्राप्त की एवं गृहविहीन, भूमि विहीन लाभुकों को प्राथमिकता के आधार पर आवास स्वीकृत करने का निर्देश दिया।
ग्रामीण कार्य विभाग से संचालित संबंधित योजना में गुणवत्तापूर्ण कार्य करवाने का निर्देश दिया गया।
कृषि विभाग योजना की समीक्षा में पीएम किसान योजना की समीक्षा की गई। बताया गया कि किसान क्रेडिट कार्ड में कुल लक्ष्य 52085 के विरुद्ध 3807 स्वीकृत किया गया है।
समाज कल्याण विभाग के तहत संचालित योजनाओं की जानकारी ली बताया कि प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना मे कुल लक्ष्य 22936 के विरुद्ध 18097 का रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है मुख्यमंत्री लक्ष्मी लाडली योजना में करवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री सुकन्या योजना में 6007 लक्ष्य के विरूद्ध 2743 को आच्छादित किया गया है।
खनन विभाग को अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए छापेमारी करने एवं बंद पड़े खदानों के मुहाने की डोजरिंग करने का निर्देश दिया।
इसके अतरिक्त माननीय सांसद सह अध्यक्ष के द्वारा विभिन्न योजनाओं के समीक्षा के उपरांत उचित कार्रवाई करने हेतु निर्देश दिया।
स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत विभिन्न संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई। बताया गया कि वर्तमान में जामताड़ा में कोविड के 07 एक्टिव केस हैं। लगभग 4 लाख 50 हजार लोगों का अब तक टीकाकरण किया गया है। बताया गया कि एक सप्ताह के अंदर ऑक्सीजन प्लांट चालू हो जायेगा। उपायुक्त द्वारा सदर अस्पताल में वॉल पेंटिंग कर कहां क्या सुविधाएं उपलब्ध है इसकी जानकारी देने हेतु निर्देश दिया। वहीं टीकाकरण जागरूकता हेतु प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया।
*सामुदायिक पुस्तकालय पर माननीय सांसद ने उपायुक्त जामताड़ा के पहल की प्रशंसा की, कहा बेहतर कार्य किया गया*
माननीय सांसद सह अध्यक्ष ने जामताड़ा जिला अंतर्गत सभी 118 पंचायतों में सामुदायिक पुस्तकालय खोले जाने को लेकर उपायुक्त जामताड़ा के पहल की काफी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बहुत ही अच्छा कार्य किया गया है। उन्होंने निर्देश दिया कि संबंधित पदाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सभी पुस्तकालय समय से खुले और इसका लाभ छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को मिले। उन्होंने पुस्तकालय में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार प्रसार हेतु पंपलेट भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त श्री फ़ैज़ अक अहमद मुमताज (भा.प्र.से.) ने माननीय सांसद को बताया कि अब तक 5000 से ज्यादा क्लास का संचालन पुस्तकालय में किया जा चुका है। 300 से ज्यादा शिक्षक लाइब्रेरी से सीधे जुड़े हुए हैं। स्वाध्याय के साथ ही शिक्षक द्वारा क्लास के माध्यम से छात्रों का उचित मार्गदर्शन किया जा रहा है। 2500 से ज्यादा छात्र छात्राएं पुस्तकालय की पूर्णकालिक सदस्य हैं। जिले के प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के द्वारा प्रति सप्ताह पुस्तकालय में जाकर छात्र छात्राओं को पढ़ाने के साथ ही बेहतर कैरियर हेतु काउंसलिंग एवं मोटिवेशन का काम कर रहे हैं।
*इनकी रही उपस्थिति*
इस मौके पर उपरोक्त के अलावा वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री बनकर अजिंक्य देवीदास, जिला परिषद अध्यक्षा श्रीमती दीपिका बेसरा, विधायक प्रतिनिधि नाला श्री परेश यादव, उप विकास आयुक्त श्री अनिलसन लकड़ा, संयुक्त सचिव ग्रामीण विकास श्री संजय कुमार पांडेय, अपर समाहर्ता श्री सुरेन्द्र कुमार, निदेशक डीआरडीए श्री जावेद अनवर इदरीसी, अनुमंडल पदाधिकारी श्री संजय पांडेय, जिला भू अर्जन पदाधिकारी श्रीमती अंजना दास,सिविल सर्जन डॉ एस के मिश्रा, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्री पंकज कुमार तिवारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सविता कुमारी, जिला कल्याण पदाधिकारी श्री उत्तम कुमार भगत, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी श्री अभय परासर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

